वॉशिंगटन , मार्च 28 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो की आलोचना जारी रखते हुए इस पार-अटलांटिक सैन्य गुट के प्रति निराशा व्यक्त की है।
श्री ट्रंप ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए सैन्य सहायता प्रदान करने में सहयोगी देशों की अनिच्छा के लिए उन्हें कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे समुद्री ऊर्जा व्यापार, पारगमन और नौवहन प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुआ है।
मियामी में सऊदी समर्थित निवेश सम्मेलन में श्री ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि एक बहुत बड़ी गलती तब हुई, जब नाटो वहां मौजूद नहीं था, वे बस वहां नहीं थे।"उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका नाटो की सुरक्षा पर 'सालाना सैकड़ों अरब डॉलर' खर्च कर रहा है। उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, "और हम हमेशा उनके लिए वहां मौजूद रहते, लेकिन अब उनके कार्यों के आधार पर मुझे लगता है कि हमें होने की जरूरत नहीं है, है न? ...अगर वे हमारे लिए वहां नहीं हैं, तो हम उनके लिए वहां क्यों हों। वे हमारे लिए वहां नहीं थे।"अमेरिकी राष्ट्रपति की ये टिप्पणियां गठबंधन की तीखी आलोचना के बाद आयी हैं। इसमें उन्होंने नाटो को 'अमेरिका के बिना कागजी शेर' करार दिया था। शुक्रवार को इस बयान को दोहराते हुए गठबंधन पर अमेरिका को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईरानी नाकेबंदी के मद्देनजर नागरिक जहाजों के साथ जाने के लिए एक बहुराष्ट्रीय नौसेना एस्कॉर्ट समूह बनाने में नाटो ने मदद करने से इनकार कर दिया है।
श्री ट्रंप ने नाटो के रुख पर निराशा जाहिर की, "मैंने हमेशा कहा है कि नाटो कागजी शेर है। और मैंने हमेशा कहा कि हम नाटो की मदद करते हैं, लेकिन वे कभी हमारी मदद नहीं करेंगे। और अगर कभी 'बड़ी जंग' छिड़ती है। हालांकि मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा, लेकिन अगर ऐसा हुआ, तो मैं आपको गारंटी देता हूं, वे वहां नहीं होंगे।"जब एक इंटरव्यू में नाटो के महासचिव मार्क रुटे से 'कागजी शेर' वाली टिप्पणी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया कि उन्होंने पिछले सप्ताह राष्ट्रपति ट्रंप के साथ 'कई दौर की बातचीत' की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित