वॉशिंगटन/मैड्रिड , मार्च 04 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पेन को चेतावनी दी है कि यदि उसने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियान के लिए अपने सैन्य अड्डों के उपयोग की अनुमति नहीं दी तो अमेरिका स्पेन के साथ सभी व्यापारिक संबंध समाप्त कर सकता है।
श्री ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्पेन का रवैया 'बहुत खराब' रहा है और अमेरिका उसके साथ व्यापार बंद करने पर विचार कर सकता है। उन्होंने कहा, "हम स्पेन के साथ कोई संबंध नहीं रखना चाहते।"अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप प्रशासन वास्तव में इस कदम को लागू करेगा या यूरोपीय संघ के सदस्य देश के साथ व्यापार रोकने के लिए किस प्रकार की प्रक्रिया अपनायी जाएगी।
श्री ट्रंप के बयान से दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव और बढ़ गया है। स्पेन सरकार पहले भी श्री ट्रंप की उस मांग का विरोध कर चुकी है, जिसमें उन्होंने नाटो देशों से अपने रक्षा खर्च को बढ़ाने को कहा था।
श्री ट्रंप ने कहा कि वह 'आज ही या कल' स्पेन से जुड़े सभी व्यापारिक लेन-देन रोक सकते हैं। श्री ट्रंप और अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने दावा किया कि अमेरिका कानूनी रूप से स्पेन से आयातित वस्तुओं पर प्रतिबंध लगा सकता है।
इस बीच, बीबीसी की एक रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर ने इस प्रस्ताव पर स्पष्ट रुख नहीं अपनाया। उन्होंने कहा कि इस विषय पर आगे चर्चा की जाएगी।
श्री ट्रंप ने मंगलवार को स्पेन की आलोचना करते हुए यह भी कहा कि उसने अपने रक्षा खर्च को जीडीपी के पांच प्रतिशत तक बढ़ाने की मांग को स्वीकार नहीं किया, जबकि कई अन्य यूरोपीय देशों ने ऐसा किया है।
अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार 2025 में अमेरिका ने स्पेन को लगभग 26 अरब डॉलर का निर्यात किया, जबकि स्पेन से अमेरिका को लगभग 21 अरब डॉलर का आयात हुआ। स्पेन के प्रमुख निर्यातों में दवाइयां और जैतून का तेल शामिल हैं।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने रविवार को अमेरिका और इज़रायल द्वारा ईरान पर किये गये हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताते हुए इसे 'अनुचित और खतरनाक सैन्य हस्तक्षेप' करार दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित