मियामी , मार्च 08 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नशीली दवाओं की तस्करी के विरुद्ध मध्य अमेरिकी देशों के साथ एक सैन्य गठबंधन 'शील्ड ऑफ द अमेरिका' का शुभारंभ किया और वेनेजुएला की डेल्सी रोड्रिग्ज सरकार को औपचारिक मान्यता देने की भी घोषणा की।

निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद से ही अमेरिकी देखरेख में सुश्री रोड्रिग्ज की सरकार देश का प्रशासन चला रही है। इस अवसर पर, श्री ट्रंप ने अंतत: इस सरकार को औपचारिक मान्यता दे दी है।

मियामी के ट्रंप नेशनल डोरल मियामी होटल में आयोजित बैठक में श्री ट्रंप ने वेनेजुएला के सोने पर भी एक समझौते की भी घोषणा की, हालांकि उन्होंने शर्तों का उल्लेख नहीं किया। साथ ही उन्होंने पनामा नहर पर दोहराया कि वह नहर में 'प्रतिकूल विदेशी प्रभाव' की अनुमति नहीं देंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने भाषण का एक बड़ा हिस्सा क्यूबा पर केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि यह द्वीपीय देश अपने 'अंतिम क्षणों' में है।

श्री ट्रंप ने कहा कि वह क्यूबा में जन्मे विदेश मंत्री मार्को रुबियो के माध्यम से सीधे क्यूबा से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "वे बातचीत करना चाहते हैं और मुझे लगता है कि बहुत आसानी से समझौता हो जाएगा।" इसके साथ ही उन्होंने इस देश के 'मैत्रीपूर्ण अधिग्रहण' की संभावना से भी इनकार नहीं किया।

ट्रंप नेशनल डोरल मियामी ने शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति और क्षेत्र के 14 देशों के नेताओं के बीच एक बैठक की मेजबानी की, जिसे 'शील्ड ऑफ द अमेरिका' पहल के तहत बुलाया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित