नयी दिल्ली , फरवरी 02 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच सोमवार देर रात हुई बातचीत के बाद यह सहमति बनी है कि अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत शुल्क लगाएगा।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर स्वयं इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा, " आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके अत्यंत प्रसन्नता हुई। यह जानकर खुशी है कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप का हार्दिक धन्यवाद।"श्री मोदी ने कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएँ और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे हमारे नागरिकों को लाभ होता है और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग के लिए अपार अवसर खुलते हैं।
प्रधानमंत्री ने विश्व में शांति और स्थिरता के लिए श्री ट्रंप के नेतृत्व को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, " वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। शांति के लिए उनके प्रयासों को भारत पूरा समर्थन देता है। मैं हमारे साझेदारी को अभूतपूर्व ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए उनके साथ निकटता से काम करने की आशा करता हूँ।"उल्लेखनीय है कि इससे पहले भारत में अमेरिकी राजदूत सर्गेई गौर ने दोनों नेताओं के बीच बातचीत की जानकारी देते हुए एक पोस्ट में कहा था कि जल्द ही बड़ी घोषणा होने वाली है।
इसके बाद खुद अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री के साथ व्यापार से संबंधित मुद्दों पर बात की है और अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 18 शुल्क लगाएगा ।
गौरतलब है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय पर हुआ है जब भारतीय विदेश मंत्री डॉ जयशंकर आज ही अमेरिका की तीन दिन की यात्रा पर गए हैं।
इससे पहले अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत शुल्क लगा रखा था। यह भी ध्यान देने योग्य बात है कि अभी दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते को लेकर औपचारिक रूप से कोई घोषणा नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित