वॉशिंगटन , फरवरी 02 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत की, जिसमें व्यापार, ऊर्जा और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
श्री ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने पोस्ट में कहा कि श्री मोदी ने रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से अधिक तेल एवं ऊर्जा उत्पाद खरीदने पर सहमति जताई है। यह कदम यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में मददगार साबित हो सकता है, जहां हर सप्ताह हजारों लोगों की जान जा रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि दोनों देशों के बीच तत्काल प्रभाव से एक व्यापार समझौता हुआ है, जिसके तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले पारस्परिक शुल्क (टैरिफ) को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। इसके साथ ही भारत अमेरिका के खिलाफ अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित