नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को लोक सभा में बताया कि नयी नीति में टोल टैक्स उसी स्थान से लगेगा जहां से कोई वाहन सड़क पर प्रवेश करेगा।
श्री गडकरी ने प्रश्न काल में एक सवाल के जवाब में बताया कि नयी नीति में अब किसी वाहन को सड़क पर प्रवेश करने वाले स्थान से ही अगले नाके पर टोल टैक्स देना होगा। यदि कोई वाहन 15 किलोमीटर चलने के बाद ही किसी टोल नाके पर पहुंच जाता है, तो उसे इतनी ही दूरी का टोल टैक्स देना होगा।
उन्होंने बताया कि नयी नीति के प्रावधानों के अनुसार 15 रुपये में भी एक टोल नाके को पार किया जा सकेगा। अब ऐसे प्रयास किये जा रहे हैं जिससे वाहनों को टोल नाकों पर कतार नहीं लगानी पड़े और गाड़ियां 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से भी टोल नाके पार कर सकेंगी। उनके वाहन की नंबर प्लेट और फास्ट टैग को नाके पर रिकॉर्ड करने के बाद टैक्स स्वत: कट जायेगा।
उन्होंने कांग्रेस के दीपेन्द्र हुड्डा के प्रश्न के उत्तर में बताया कि हरियाणा में 12 वर्षों में सबसे ज्यादा सड़कें बनायी गयी हैं, इसीलिए वहां सबसे ज्यादा टोल नाके हैं। हरियाणा और पंजाब में यातायात सघनता भी सबसे ज्यादा है। जहां ज्यादा नयी सड़कें बनेंगी, वहां टोल नाके भी अधिक होंगे।
श्री गडकरी ने बताया कि सिरसा लोक सभा क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत का कार्य कराने के प्रयास किये जा रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 703 प्रस्तावित है और व्यवहार्यता रिपोर्ट का अध्ययन किया जा रहा है। इसे जल्द शुरू करने की कोशिश की जायेगी।
उन्होंने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के सवाल के जवाब में बताया कि चंडीगढ़ से शिमला मार्ग पर भूस्खलन की बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए विशेष प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्विटजरलैंड की उन्नत तकनीक के इस्तेमाल से भूस्खलन निगरानी, ड्रेनेज सिस्टम और मजबूत निर्माण के उपाय किये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित