लॉस एंजिल्स , मार्च 07 -- कई हाई-प्रोफाइल फिल्मों से दूरी बनाने के बाद क्वेंटिन टैरेंटिनो ने अप्रत्याशित कदम उठाया है और फिर से निर्देशकीय वापसी की तैयारी कर रहे हैं। हांलाकि इस बार उनकी वापसी मगर बड़े पर्दे पर नहीं, बल्कि रंगमंच पर होगी।
फिल्म निर्माता ने 'द एडवेंचर्स ऑफ क्लिफ बूथ' को निर्देशित न करने का फैसला लिया था। लंबे समय से अपनी चर्चित फिल्म 'द मूवी क्रिटिक' भी रद्द कर दी थी, लेकिन अब टैरेंटिनो अपने लिखे नाटक के साथ थियेटर का रुख कर रहे हैं।
वैराइटी की खबर के अनुसार, ऑस्कर विजेता निर्देशक लंदन के वेस्ट एंड में इस प्रोडक्शन को मंचित करने की योजना बना रहे हैं, जो इस प्रतिष्ठित फिल्म निर्माता के लिए एक दुर्लभ थियेटर उद्यम है।
खबर ब्रेक करने वाले डेली मेल के अनुसार, टैरेंटिनो ने 'पुराने जमाने का ब्रिटिश प्रहसन' लिखा है, जिसका उद्देश्य 'नॉइजेज ऑफ' जैसे क्लासिक स्टेज प्रोडक्शंस की धमाचौकड़ी से भरी हास्य शैली को जीवंत करना है।
इंडस्ट्री सूत्र के अनुसार, इस नाटक को अगले साल के अंत में वेस्ट एंड में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। टैरेंटिनो ने पहले अगस्त में एक पॉडकास्ट के दौरान इस प्रोजेक्ट का संकेत दिया था, जिसमें उन्होंने खुलासा किया था कि वह पहले ही पटकथा पूरी कर चुके हैं और इसे मंच तक लाने के लिए 'डेढ़ से दो साल' और समर्पित करने की योजना बना रहे हैं।
शुरुआती अटकलों में यह कहा जा रहा था कि इसमें हॉलीवुड के बड़े नाम शामिल हो सकते हैं, लेकिन वैराइटी के रिपोर्टर के अनुसार, इसके बजाय प्रोजेक्ट में उभरते कलाकार और स्थापित थियेटर अभिनेताओं की मंडली दिखाई दे सकती है। एक ऐसी टीम जो प्रहसन की तेज-तर्रार और समूह-आधारित प्रकृति के अनुकूल हो।
निर्देशन के अलावा क्वेंटिन टैरेंटिनो ने हाल ही में कैमरे के सामने अभिनय भी किया है। यह फिल्म निर्माता वेल्श इंडी फिल्म निर्माता जेमी एडम्स निर्देशित 'ओनली ह्वाट वी कैरी' में नजर आये।
डौविल में शूट किये गये प्रोजेक्ट में क्वेंटिन टैरेंटिनो के साथ चार्लोट गेंसबर्ग, साइमन पेग, सोफिया बुटेला, लियाम हेलमैन और लिजी मैकअल्पाइन जैसे सितारे हैं।
निर्देशक जेमी एडम्स ने निर्देशक टैरेंटिनो के अभिनय की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे 'स्वाभाविक रूप से प्रतिभाशाली' अभिनेता हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित