नोएडा , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टेक सपोर्ट के नाम पर विदेशी नागरिकों को ठगने वाले चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तकनीकी सूचना और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर नोएडा सेक्टर-76 से की गई।

मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि,गिरफ्तार आरोपी इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेड विज्ञापन चलाकर विदेशी नागरिकों को निशाना बनाते थे। विज्ञापन में टोल-फ्री नंबर जारी किए जाते थे, जिन पर कॉल करने पर कॉल सीधे आरोपियों के लैपटॉप में इंस्टॉल कॉलिंग सॉफ्टवेयर पर रिसीव होती थी।

आरोपी खुद को टेक्निकल सपोर्ट एजेंट बताकर पीड़ितों को यह विश्वास दिलाते थे कि उनका कंप्यूटर या डिवाइस हैक हो गया है। इसके बाद वे स्क्रीन शेयरिंग ऐप के जरिए सिस्टम का एक्सेस लेकर बैंकिंग जानकारी हासिल कर लेते थे। पीड़ितों को डराने के लिए उनकी कंप्यूटर स्क्रीन ब्लैक कर दी जाती थी, जिससे वे घबरा जाते थे।

पूछताछ में सामने आया है कि यदि पीड़ित के खाते में कम धनराशि होती थी तो आरोपी साढ़े तीन सौ से दो हजार अमेरिकी डॉलर तक वसूलते थे। वहीं, अधिक रकम होने पर मामला "सीनियर" के पास ट्रांसफर कर दिया जाता था, जो आगे की ठगी को अंजाम देते थे। ठगी से प्राप्त रकम को आरोपी क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से हासिल कर आपस में बांट लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लैपटॉप, आठ मोबाइल फोन, चार माइक-हेडफोन और दो राउटर बरामद किए हैं। जांच में करोड़ों रुपये के लेनदेन के प्रमाण भी मिले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित