उत्तरकाशी , मई 01 -- दिल्ली से गंगोत्री धाम की यात्रा पर निकला एक टेंपो ट्रैवलर शुक्रवार को नगुन-सुवाखोली मोटर मार्ग पर नागराजा धार के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।

जानकारी के मुताबिक, वाहन में कुल 23 यात्री सवार थे। इसी बीच नागराजा धार क्षेत्र में चलते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पहाड़ी से टकरा गया। राहत की बात यह रही कि वाहन खाई में गिरने के बजाय सड़क किनारे नाली में अटक गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

दुर्घटना में कपिल अरोड़ा, डिंपी, ध्रुव, नीता और प्रेम दास (सभी निवासी पंतनगर, जगपुरा, दिल्ली) घायल हो गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित