कोंडागांव , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ के कोंडागांव शहर के टेंट कारोबारी सुरेश चौहान (53) की हत्या कर शव को जमीन में दफनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदेही को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर शव बरामद कर लिया है।
अनुविभायीय अधिकारी (पुलिस) रुपेश कुमार ने सोमवार को बताया कि सुरेश चौहान के लापता होने की शिकायत परिजनों ने 11 अप्रैल को दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान खून से सना उनका दोपहिया वाहन एक महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ। इसके बाद पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर एक संदेही को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित विकास नगर क्षेत्र में खुदाई कर शव निकाला गया। मृतक की पहचान परिजनों से करवाई गई है।
बरामद शव की स्थिति अत्यंत संदिग्ध पाई गई है। शरीर पर केवल अंडरवियर मिला, जिससे हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मौत के कारणों की पुष्टि की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल से अन्य भौतिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में पुलिस विभिन्न संभावनाओं पर काम कर रही है। इनमें अवैध संबंध, कारोबारी लेनदेन तथा व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा जैसे पहलुओं को प्रमुखता से शामिल किया गया है। सूत्रों के अनुसार, मृतक को दंतेवाड़ा जिले में टेंट लगाने से जुड़ा एक बड़ा ठेका मिलने की चर्चा भी सामने आई है, जिसे लेकर रंजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
सुरेश चौहान स्थानीय स्तर पर एक स्थापित टेंट व्यवसायी थे और "शिरोमणि टेंट" के संचालक के रूप में उनकी पहचान थी। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। इस घटना के बाद परिवार पर गहरा संकट आ गया है और बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है। हिरासत में लिए गए संदेही से पूछताछ जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। इस घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित