चेन्नई , फरवरी 12 -- मुंबई में खेले अपने पहले ग्रुप मुक़ाबले में संयुक्त राज्य अमेरिका ने भारत के सामने चुनौती पेश की लेकिन कोलंबो में पाकिस्तान की टीम उनके ऊपर हावी रही। शुक्रवार को नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ लगातार तीसरी हार उन्हें सुपर-8 की दावेदारी से बाहर कर सकती है। इतिहास भी अमेरिका के पक्ष में नहीं हैं, पुरुष टी20 में नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ तीनों मुक़ाबले में उन्हें हार मिली है।

अभ्यास मैच में अमेरिका ने न्यूज़ीलैंड को परेशानी में डाला था लेकिन इसके बाद चोटों ने उनकी टीम को कमज़ोर किया है। तेज गेंदबाज अली ख़ान ग्रोइन इंजरी से उबर रहे हैं जबकि जसदीप सिंह कंधे की चोट के चलते टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो चुके हैं, उनकी जगह पर पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज़ एहसना आदिल को दल में शामिल किया गया है। आदिल को दूसरे मुक़ाबले में सीधे एकादश में जगह मिली थी लेकिन तीन ओवरों में उन्होंने 39 रन ख़र्च किए थे। यह देखना होगा कि अपना घुटना चोटिल कर बैठे शुभम रांजने इस मुक़ाबले के लिए पूरी तरह फ़िट हो पाते हैं या नहीं।

अमेरिका अभी तक अपनी सलामी जोड़ी तय नहीं कर पाया है। साईतेजा मुक्कामल्ला को भारत के ख़िलाफ़ एक असफल पारी खेलने के बाद अगले मुक़ाबले से बाहर कर दिया गया। जबकि विश्व कप से पहले वह अमेरिका के सबसे सफल बल्लेबाज़ थे और उन्होंने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ अभ्यास मैच में 31 गेंदों पर 50 रन भी बनाए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित