इस्लामाबाद , मार्च 03 -- टी20 विश्व कप में हिस्सा लेने वाली पाकिस्तान टीम के सभी खिलाड़ियों पर पीसीबी ने ख़राब प्रदर्शन करने के कारण 50 लाख पाकिस्तानी रुपये (लगभग 16.3 लाख रूपये) का जुर्माना लगाया है। सुपर 8 स्टेज से ही पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया था और लगातार चौथी बार वे किसी आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफ़ाइनल में नहीं पहुंच सके जो पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार हुआ है।
ईएसपीएनक्रिकइंफो को पता चला है कि ये जुर्माना किसी अनुशासनात्मक कारणों से नहीं लगा है बल्कि ख़ास तौर से ख़राब प्रदर्शन के कारण ही लगाया गया है। ग्रुप स्टेज में भारत के ख़िलाफ़ मैच के बाद ही ये जुर्माना लगा दिया गया था जिसमें टीम को 61 रनों से हार मिली थी। इसके बाद उनसे कहा गया था कि यदि टीम सेमीफ़ाइनल में जाती है तो उनके ऊपर से ये जुर्माना हटा लिया जाएगा।
पाकिस्तान ने दूसरे राउंड में पहुंचते ही लगातार तीसरी बार पहले राउंड से ही बाहर होने से ख़ुद को बचा तो लिया, लेकिन सुपर 8 में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहला ही मैच बारिश की भेंट चढ़ने से उनकी मुश्किलें बढ़ गईं। इसके बाद उन्हें इंग्लैंड के ख़िलाफ़ हार मिली थी। श्रीलंका के ख़िलाफ़ न्यूज़ीलैंड की शानदार जीत से उनका काम और कठिन कर दिया क्योंकि अब उन्हें अपने आख़िरी मैच में श्रीलंका के ख़िलाफ़ काफ़ी बड़े अंतर से जीत हासिल करनी थी। हालांकि, श्रीलंका के ख़िलाफ़ उनकी जीत का अंतर बेहद कम रहा जिससे उन्हें सुपर 8 से ही बाहर होना पड़ा।
पीसीबी ने पहले भी खिलाड़ियों के ख़िलाफ़ सख़्त एक्शन लिए हैं, लेकिन हर बार इसे अनुशासनात्मक कारण बताया जाता था। ईएसपीएन क्रिकइंफो को पता चला है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान टीम के अंदर अनुशासन से जुड़ा कोई मामला नहीं हुआ था और जुर्माना केवल और केवल उनके प्रदर्शन के लिए ही लगाया गया है। इसी वजह से पीसीबी द्वारा लगाया गया जुर्माना बेहद दुर्लभ और संभवतः अभूतपूर्व है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित