ढाका , जनवरी 16 -- सात फरवरी से भारत और श्रीलंका में होने वाले टी-20 विश्वकप में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का प्रतिनिधिमंडल बातचीत के लिए बंगलादेश का दौरा कर सकता है।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने गुरुवार को फॉरेन सर्विस एकेडमी में मीडिया से बातचीत में यह बात कही। आसिफ नजरुल ने कहा, "नवीनतम अपडेट के अनुसार, बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने मुझे बताया कि चर्चा के लिए आईसीसी की एक टीम बंगलादेश आ सकती है। हमारे रुख में बदलाव की कोई संभावना नहीं है। हम विश्व कप में खेलने के लिए उत्सुक हैं, खासकर श्रीलंका में और मुझे पूरा भरोसा है कि इसका आयोजन करना असंभव नहीं है।"बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि आईसीसी के साथ बातचीत चल रही है, हालांकि दौरे का समय अभी तय नहीं है।
अधिकारी ने द डेली स्टार को बताया, "हम बातचीत कर रहे हैं, और एक प्रतिनिधिमंडल आने वाला है, लेकिन सही तारीख तय नहीं हुई है। हम संपर्क में हैं, लेकिन समय तय नहीं है।"यह डेवलपमेंट पिछले मंगलवार को बीसीबी लीडरशिप और आईसीसी के बीच हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद हुआ है। बैठक के बाद बोर्ड ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए टूर्नामेंट के लिए भारत न जाने के अपने फैसले को दोहराया और बंगलादेश के मैचों को भारत से बाहर स्थानांतरित करने फिर से अनुरोध किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित