वाराणसी , मार्च 9 -- अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ एकतरफा जीत के साथ लगातार दूसरी बार टी-20 विश्व कप खिताब जैसे ही अपने नाम किया, समूचे उत्तर प्रदेश में क्रिकेट प्रशंसक खुशी से झूम उठे।

अपनी खुशी का इजहार क्रिकेट के दीवानो ने ढोल नगाड़े बजाकर और आतिशबाजी के साथ किया। जश्न का यह सिलसिला मध्य रात्रि के बाद तक जारी रहा। लखनऊ,वाराणसी,प्रयागराज,बरेली,मेरठ,कानपुर समेत समूचे राज्य में होली के बाद दिवाली जैसा नजारा दिखा। इस ऐतिहासिक जीत के जश्न में धार्मिक नगरी काशी आधी रात तक उत्सव में डूब गई। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सिंह द्वार पर हजारों छात्रों और काशीवासियों ने ढोल-नगाड़ों, भांगड़ा और आतिशबाजी के साथ जीत का उत्सव मनाया। हर ओर तिरंगा लहरा रहा था और 'हर हर महादेव' के उद्घोष गूंज रहे थे।

काशी की गलियाँ भी भारतीय टीम की जीत के रंग में रंग गईं। गगनचुंबी आतिशबाजी से आसमान रोशन हो उठा। गोदौलिया, दशाश्वमेध, महमूरगंज, निरालानगर, पांडेयपुर, लहुराबीर, चौक सहित शहर के तमाम इलाकों में क्रिकेट का जुनून देखते ही बन रहा था। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव का भारतीय टीम की जीत के बाद का डांस वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

पुराने लखनऊ के अमीनाबाद,नक्खाश,बाजारखाला में क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ सड़क पर उतर आयी। हर तरफ लहराते तिरंगे और भारत माता की जय के नारे इस बात की तस्कीद कर रहे थे कि क्रिकेट देश की आत्मा में बसता है। गोमतीनगर,इंदिरानगर, अलीगंज,कपूरथला,सरोजनीनगर और तेलीबाग समेत समूचे लखनऊ में आतिशबाजी का दौर देर रात तक जारी रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित