नयी दिल्ली , जनवरी 26 -- कप्तान सूर्यकुमार की अगुवाई वाली भारतीय टीम सात फरवरी से शुरु होने वाले टी-20 विश्वकप से पहले दक्षिण अफ्रीका के साथ एक अभ्यास मैच खेल सकती हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) के सूत्रों ने अभ्यास मैच की बात मानी, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसा माना जा रहा है अभ्यास मैचों की घोषणा में देरी बंगलादेश टीम के विश्व कप में हिस्सा लेने को लेकर असमंजस और विवाद की वजह से हुई है। स्कॉटलैंड के बंगलादेश की जगह लेने की पुष्टि होने के बाद, आईसीसी आज अभ्यास मैचों का शेड्यूल जारी कर सकता है और अगर कोई अप्रत्याशित बदलाव नहीं होता है, तो भारत-दक्षिण अफ्रीका का मैच वैसा ही रहेगा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज खेल रही भारतीय टीम का पांचवां और आखिरी मैच मैच 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जायेगा। कुछ दिनों बाद टी-20 विश्वकप खिताब बचाने के लिए मुंबई में फिर से इकट्ठा होगी। मेजबान भारतीय टीम सात फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अपना अभियान शुरू करेगी, लेकिन उससे पहले भारत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक अभ्यास मैच खेलेंगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित