अहमदाबाद , फरवरी 10 -- दक्षिण अफ्रीका बुधवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के ग्रुप डी मुकाबले में अफगानिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करने उतरेगा। वहीं अफगानिस्तान सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए यह मैच जीतना चाहेगा।
दक्षिण अफ्रीका कनाडा पर बड़ी जीत के बाद अंक तालिका में अभी बेहतर नेट रन रेट के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है। न्यूजीलैंड से हार के बाद स्टैंडिंग में चौथे नंबर पर मौजूद अफगानिस्तान को सेमीफाइनल की उम्मीदों को ज़िंदा रखने के लिए जीतना जरूरी है।
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज जबरदस्त फ़ॉर्म में है। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने पिछली तीन पारियों में 200 के करीब स्ट्राइक रेट से 56 की एवरेज से रन बनाए हैं। कप्तान एडन मारक्रम भी शीर्ष पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स मध्यमक्रम और डेथ ओवरों में फिनिशिंग क्षमता रखते है।
कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी और मार्को यानसन की पेस तिकड़ी दक्षिण अफ्रीकी टीम को मजबूती देती है, हालांकि रबाडा हाल के मैचों में काफी महंगे रहे हैं।
वहीं अफगानिस्तान अपनी स्पिन जोड़ी राशिद खान और मुजीब उर रहमान पर भरोसा करेगा ताकि दक्षिण अफ्रीका की आक्रामक बल्लेबाजी को रोका जा सके। मुजीब ने पिछले चार मैचों में 12 के स्ट्राइक रेट से आठ विकेट लिए हैं, जबकि राशिद बीच के ओवरों में अहम गेंदबाज बने हुए हैं। हालांकि, अफगानिस्तान की डेथ बॉलिंग को लेकर चिंता बनी हुई है, जिसकी वजह से हाल के मैचों में उन्हें जरूरी रन गंवाने पड़े हैं।
अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नायब ने अफगानिस्तान के पिछले मैच में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया था। रहमानुल्लाह गुरबाज पर टॉप पर अच्छी शुरुआत देने का दबाव होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित