नयी दिल्ली , जनवरी 14 -- देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) अमेरिकी कंपनी एएमडी के साथ मिलकर उद्योगों के लिए विशिष्ट एआई और जेनरेटिव एआई (जेनएआई) समाधान पेश करेगी।

एएमडी प्रोसेसर और ग्राफिक कार्ड बनाने में विशेषज्ञता रखती है।

टीसीएस ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उसके पास डोमेन की विशेषज्ञता, सिस्टम इंटीग्रेशन की क्षमता और वैश्विक स्तर पर नवाचार के लिए पारिस्थितिकी तंत्र है। वहीं, एएमडी हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग और एआई उत्पादों में अग्रणी है। दोनों कंपनियां मिलकर उद्योगों के लिए हाइब्रिड क्लाउड के आधुनिकीकरण, एआई आधारित कार्यस्थल समाधान और क्लाउड से एज तक नवाचार को बढ़ावा देने में मदद करेंगी।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि दोनों कंपनियां दवाओं की खोज, कॉग्निटिव स्तर की अभियांत्रिकी और स्मार्ट विनिर्माण, और बैंकिंग वित्तीय सेवा एवं आईटी क्षेत्र में कुशाग्र जोखिम-प्रबंधन जैसे सेक्टरों के लिए उद्योग-विशिष्ट जेनएआई के विकास पर निवेश करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित