पटना , मार्च 24 -- प्रोडक्शन हाउस 'द वायरल फीवर' (टीवीएफ) की अगली फिल्म 'शिव-शक्ति' की शूटिंग बिहार में होगी।
कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव-सह-बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार और फिल्म निगम की महाप्रबंधक श्रीमती रूबी की प्रोडक्शन हाउस टीवीएफ के संस्थापक अरुणाभ कुमार और टीवीएफ के प्रेसिडेंट विजय कोशी के साथ बैठक हुई।
इस अवसर पर प्रणव कुमार ने कहा कि "हम बिहार में फिल्म उद्योग के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आगे बढ़कर काम कर रहे हैं और फिल्म निर्माताओं की जरूरत को समझते हुए हर संभव मदद देने की कोशिश कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माता राज्य सरकार की स्वामित्व वाली कैरवान का इस्तेमाल वैनिटी वैन के रूप में कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीवीएफ के बैनर तले बनी वेबसीरीज की कहानी कहीं न कहीं बिहार से जुड़ी होती हैं, यहां के लोकेशन में विविधता भी है, बिहार से जुड़ी कहानियों की शूटिंग बिहार में होने से यह ज्यादा वास्तविक लगेगा।
श्री कुमार ने कहा कि हमारी कोशिश शूटिंग के लिए ऐसी व्यवस्था बनाना है, जहां फिल्म निर्माताओं को संसाधन जुटाने से लेकर शूटिंग की अनुमति और अनुदान प्राप्त करने में कोई दिक्कत न हो। बिहार में लगातार फिल्म शूटिंग हो रही है, और अबतक किसी निर्माता को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई परेशानी नहीं हुई है।
श्रीमती रूबी ने विश्वास दिलाया कि टीवीएफ को बिहार में शूटिंग के लिए जो भी जरूरत होगी उसे फिल्म निगम और कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से पूरा करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में फिल्म के लिए आधारभूत ढांचा विकसित और उपकरणों की व्यवस्था करने के साथ ही फिल्म निर्माण में दक्ष लोगों और वेंडर का डेटा बेस तैयार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित