रुद्रपुर , मार्च 25 -- उत्तराखंड में टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर ने द्वितीय स्थान हासिल किया है।
इस उपलब्धि पर जनपद को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) द्वारा सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान के शुभारंभ के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल को यह सम्मान प्रदान किया गया।
यह उपलब्धि टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जनभागीदारी बढ़ाने, रोगियों की समय पर पहचान, नियमित निगरानी, पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने और व्यापक जनजागरूकता अभियानों के सफल संचालन का परिणाम है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समन्वित प्रयासों से टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि जनपद में टीबी मरीजों के लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया गया है, साथ ही उपचार के हर चरण में निरंतर फॉलोअप सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे रोगमुक्ति दर में लगातार सुधार हो रहा है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और आमजन को दिया।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जनपद को पूर्णतः टीबी मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित