कोलकाता , दिसंबर 04 -- तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से निलंबित होने के कुछ ही घंटों बाद हूमायूं कबीर ने ऐलान किया कि वह 22 दिसंबर को एक नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च करके अगले राज्य विधानसभा चुनाव में 135 उम्मीदवार उतारेंगे।

उन्होंने मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद जैसी मस्जिद बनाने की अपनी योजना को भी दोहराया और प्रशासन को चेतावनी दी कि वह उन्हें छह दिसंबर को उस ढांचे का शिलान्यास करने से न रोके, जो 1992 में अयोध्या में विवादित मस्जिद को भीड़ द्वारा गिराए जाने की बरसी है।

श्री हुमायूं कबीर को निलंबित करने के साथ ही विवादित नेता और पार्टी नेतृत्व के बीच महीनों से चल रहा तनाव खत्म हो गया। श्री कबीर को निलंबित करने का यह ऐलान एक संवाददाता सम्मेलन में हुआ, जिसे मेयर और शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने मुर्शिदाबाद के नेताओं बिजली राज्य मंत्री अखरुज्जमां और हरिहरपारा के विधायक नियामत शेख की मौजूदगी में किया। दोनों नेताओं ने इस फैसले को सही बताया।

श्री कबीर ने कहा कि उन्हें निलंबन का कोई औपचारिक पत्र नहीं मिला है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मुझे कोई सूचना नहीं मिली है। जब तक मुझे डिटेल्स नहीं पता चल जाते, मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। कहने के लिए बहुत कुछ है।" उन्होंने शुक्रवार या सोमवार को विधायक के तौर पर इस्तीफा देने की बात कही।

उन्होंने कहा, "मुझे एक साजिश के तहत निलंबित किया गया है। छह दिसंबर का कार्यक्रम होकर रहेगा।" टीएमसी नेतृत्व ने तारीख और घोषणा के टोन पर कड़ा एतराज जताया था, जिसे उन्होंने साम्प्रदायिकता भड़काने वाला बताया था।

श्री कबीर ने बार-बार चेतावनी के बावजूद अपना फैसला वापस लेने से मना कर दिया, जिससे 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के लिए उनका बचाव करना मुश्किल होता जा रहा था।

श्री हकीम ने निलंबन की घाेषणा करते हुए कहा, "कोई भी मस्जिद बना सकता है, लेकिन साम्प्रदायिकता भड़काने वाला नहीं होना चाहिए। मैं खुद चेतला में एक मस्जिद का मुतवल्ली हूं। वहां कोई विवाद नहीं है।" उन्होंने कहा, "लेकिन मस्जिद बनाने के विचार का इस्तेमाल धार्मिक भावनाएं भड़काने के लिए करना एक ज़िम्मेदार राजनीतिक पार्टी के लिए मंजूर नहीं है। उनके कामों से सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता है।" उन्होंने कहा कि कबीर का तरीका आखिरकार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मजबूत कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित