जौनपुर , मार्च 21 -- शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का आक्रोश अब सड़कों पर उतरने जा रहा है। टीएफआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा के आह्वान पर 4 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में धरना-प्रदर्शन और महारैली आयोजित की जाएगी।

प्राथमिक शिक्षक संघ जौनपुर की जिला कार्यसमिति की बैठक मियापुर स्थित मंगलम लॉन में जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ल की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें दिल्ली कूच की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि टीएफआई द्वारा पूर्व में दो बार धरना आयोजित करने के लिए अनुमति मांगी गई थी, लेकिन दोनों बार अनुमति निरस्त कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला मंत्री रविचंद्र यादव ने अधिक से अधिक संख्या में शिक्षकों से दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। बैठक में ब्लॉक अध्यक्षों ने बताया कि शिक्षक रेलवे, बसों और निजी वाहनों से दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं। शिक्षकों ने मांग की कि सरकार अध्यादेश लाकर सेवारत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त करे। बैठक में बड़ी संख्या में शिक्षक व संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित