समस्तीपुर , अप्रैल 04 -- स्टूडेंट यूनियन के प्रदेशध्यक्ष छात्र नेता दिलीप कुमार ने बिहार सरकार को आगाह करते हुए कहा कि टीआरई- 4 की शीघ्र बहाली शुरू नही हुई तो पटना मे महाआंदोलन शुरू होगा।
श्री कुमार के नेतृत्व में बिहार स्टूडेंट यूनियन के आह्वान पर आज समस्तीपुर मे छात्रों ने टीआरई- 4 एवं लाइब्रेरियन का विज्ञापन जारी करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर विशाल प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर समस्तीपुर शहर के पटेल मैदान मे आयोजित छात्र सभा को संबोधित करते हुए श्री कुमार ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण टीआरई -4 के दस लाख से अधिक अभ्यार्थी पिछले दो वर्षों से रिक्तियों के इंतजार मे है। उन्होंने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के कैलेंडर के अनुसार 24 अगस्त 2024 को ही टीआरई-4 की परीक्षा होनी थी लेकिन अभी तक विज्ञापन भी नहीं निकाला गया है।
स्टूडेंट यूनियन के प्रदेशध्यक्ष ने कहा कि बार-बार टीआरई-4 अभ्यर्थियों को गुमराह किया जा रहा है। विज्ञापन के इंतजार में हजारों अभ्यर्थियों की उम्र समाप्त होती जा रही है।
छात्र नेता श्री कुमार ने कहा कि सरकार ने यदि टीआरई- 4 के विज्ञापन जल्द नहीं निकाले तो पटना मे महाआंदोलन किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार मे लाइब्रेरियन के लिए भी पात्रता परीक्षा का आयोजन शीघ्र होना चाहिए क्योंकि 18 वर्षों से लाइब्रेरियन पद की रिक्तियां नही आयी हैं और लाखों अभ्यर्थी वैकेंसी इसके इंतजार में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित