टिहरी , जनवरी 27 -- टिहरी के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र अंतर्गत इको टूरिज्म जोन स्थित युसूफ बीच पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गंगा में नहाने के दौरान गुड़गांव निवासी एक पर्यटक गहरे पानी में डूबने से बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद राफ्टिंग गाइडों की तत्परता और ट्रेनर विपिन शर्मा की सूझबूझ से समय रहते पर्यटक की जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार, गुड़गांव निवासी अविनाश 26 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए शिवपुरी आया था। सभी दोस्त युसूफ बीच पर गंगा स्नान कर रहे थे, तभी अचानक अविनाश का पैर फिसल गया और वह गंगा की तेज धार में डूबने लगा। साथी पर्यटकों के शोर मचाने पर पास ही गाइडों को ट्रेनिंग दे रहे राफ्टिंग ट्रेनर विपिन शर्मा तुरंत मदद के लिए दौड़े।

एक राफ्टिंग गाइड ने बिना देर किए गंगा में छलांग लगाई जबकि विपिन शर्मा ने रस्सी फेंककर किसी तरह बेहोशी की हालत में पर्यटक को बाहर निकाला। कुछ ही देर में अन्य गाइड भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर गंगा तट पर पर्यटक को सीपीआर दिया, जिससे उसकी सांसें वापस लौटीं और जान बच सकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित