टिहरी, मार्च 19 -- उत्तराखंड में टिहरी पुलिस लाइन चंबा में गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की मौजूदगी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
गोष्ठी के दौरान जनपद में घटित अपराधों, लंबित विवेचनाओं, चारधाम यात्रा, नवरात्र पर्व और आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।
इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 पुलिस कार्मिकों को एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ घोषित कर नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इससे पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और कार्य के प्रति प्रेरणा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित