टिहरी, अप्रैल 24 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा-कोटी कॉलोनी मोटर मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद जिला प्रशासन ने शुक्रवार को मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल को दोपहर करीब 2:42 बजे एक वाहन नैलमल्ला क्षेत्र में स्थित होटल बागसू महादेव के पास अनियंत्रित हो गया। वाहन सड़क किनारे लगे पैराफिट को तोड़ते हुए लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में कुल 10 लोग सवार थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि 8 लोगों को बचाया नहीं जा सका।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट नितिका खण्डेलवाल ने उप जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) टिहरी को जांच अधिकारी नामित किया है। उत्तराखण्ड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत निधि संशोधन नियमावली 2023 के तहत दुर्घटना के कारणों की विस्तृत मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित