टिहरी , दिसंबर 17 -- उत्तराखंड में टिहरी जिला में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान का शुभारम्भ बुधवार से किया गया। अभियान के तहत जनपद की विभिन्न न्याय पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें प्रशासन सीधे जनता से रूबरू हुआ।
न्याय पंचायत दिखोलगांव के श्रीदेव सुमन राजकीय इंटर कॉलेज, चम्बा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की। वहीं विकासखंड देवप्रयाग की पलेटी न्याय पंचायत अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, हिण्डोलाखाल में अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इसी कड़ी में विकासखंड कीर्तिनगर के राजकीय इंटर कॉलेज, मलेथा में जिला विकास अधिकारी मो. असलम, जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए) में परियोजना निदेशक पी.एस. चौहान तथा नरेंद्रनगर के फकोट में मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराडी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शिविरों में लगभग विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान यूसीसी पंजीकरण, सेवायोजन के माध्यम से रोजगार पंजीकरण, समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन आवेदन व स्वीकृति, पूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड व केवाईसी और बैंकिंग सेवाओं से जुड़े कार्य किए गए।
चम्बा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, लोक निर्माण, विद्युत तथा ऑल वेदर रोड से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को झूलती तारों को तत्काल दुरुस्त करने तथा एसडीएम को बीआरओ से समन्वय कर सड़क कटान का प्रतिकार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित