टिहरी , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए टिहरी प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर परिवहन विभाग द्वारा जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बुधवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
आज टिहरी-चम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 22 वाहनों के चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट, बिना पंजीकरण, बिना बीमा, टैक्स बकाया, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, एचएसआरपी नंबर प्लेट के अभाव और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने जैसे मामले शामिल रहे। वहीं गंभीर अनियमितताओं के चलते चार वाहनों को जब्त कर लिया गया।
अभियान एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येंद्र राज के नेतृत्व में चलाया गया, उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों के उल्लंघन पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित