टिहरी , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड के जनपद टिहरी गढ़वाल में दहेज हत्या के एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के अंतर्गत की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल की मध्य रात्रि थाना घनसाली को स्वास्थ्य केंद्र पिलखी से सूचना मिली कि 22 वर्षीय विवाहिता को उसके परिजन मृत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
मृतका का विवाह एक वर्ष पूर्व ही हुआ था, इसलिए नियमानुसार तहसीलदार घनसाली द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई कराई गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम जिला चिकित्सालय टिहरी में कराया गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी टिहरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तेजी दिखाते हुए 29 अप्रैल को दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित