टिहरी , दिसंबर 15 -- उत्तराखंड में प्रादेशिक स्तर पर आयोजित पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी प्रतियोगिता-2025 में टिहरी पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण पदक सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए हैं। इस उपलब्धि से जिले का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित हुआ है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आयुष अग्रवाल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि गत 11 से 13 दिसंबर तक 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार में आयोजित 23वीं प्रादेशिक (जनपद/वाहिनी) पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, कंप्यूटर, एंटी-सबोटाज एवं डॉग स्क्वाड प्रतियोगिता में टिहरी पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, अनुशासन एवं पेशेवर कौशल का प्रभावशाली परिचय दिया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत कंप्यूटर स्पर्धा में आरक्षी मयंक बलूनी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं वैज्ञानिक अनुसंधान प्रतियोगिता में उप निरीक्षक अरविंद रतूड़ी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। एंटी-सबोटाज प्रतियोगिता में मुख्य आरक्षी महेश को द्वितीय तथा आरक्षी अंजनी दुबे को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर की एक अन्य प्रतियोगिता में भी आरक्षी मयंक बलूनी ने तृतीय स्थान अर्जित किया।

इस उल्लेखनीय सफलता पर आज अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल जे. आर. जोशी ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टिहरी पुलिस की मेहनत, प्रशिक्षण और तकनीकी क्षमता का प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित