देहरादून , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड की टिहरी झील स्थित भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के वाटर स्पोर्ट्स एडवेंचर इंस्टीट्यूट (डब्ल्यूएसएआई) में 25वां ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर (पुरुष एवं महिला) इस वर्ष आठ से 12 अप्रैल तक आयोजित किया जायेगा। इस राष्ट्रीय आयोजन की सम्पूर्ण जिम्मेदारी आईटीबीपी को सौंपी गई है। इस सम्बन्ध में सोमवार को आईटीबीपी की देहरादून स्थित नॉर्दर्न फ्रंटियर मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) मनु महाराज ने संवाददाता सम्मेलन में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आगामी बुधवार को करेंगें। उद्घाटन समारोह के पश्चात रोइंग की प्रतियोगिताएं प्रारंभ होंगी तथा गुुरुवार को सड़क परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा पदक वितरण समारोह में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का समापन 12 अप्रैल को भव्य समापन समारोह के साथ किया जाएगा। जिसमें आइटीबीपी के महानिदेशक शत्रुघ्न सिंह मुख्य अतिथि होंगे।

श्री महाराज ने बताया कि उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में पूरे देश से 19 टीमें भाग ले रही है। इसमें सीआरपीएफ, बीएसएफ, आइटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, असम राइफल, आंध्र प्रदेश, अंडमान, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, मणिपुर, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

डीआईजी मोहित कुमार ने इस दौरान बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत कुल 52 इवेंट्स आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कैनोइंग की 18, केकिंग की 18 तथा रोइंग की 16 रेस शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसमें मणिपुर पुलिस से दो लोगों की टीम प्रतिभाग कर रही है, जबकि उत्तराखंड पुलिस इसमें हिस्सा नहीं ले रही है। उन्होंने बताया कि इस राज्य में पुलिस की जल क्रीड़ा संबंधी कोई टीम वर्तमान में नहीं है।

श्री कुमार ने बताया कि ये सभी प्रतियोगिता पुरुष एवं महिला वर्ग में आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि इन रोमांचक खेलों में कुल 136 महिला खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं, जो देश में महिलाओं में बढ़ती जागरूकता का प्रतीक है।

उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता ऑल इंडिया पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित होती है, जिसमें देशभर की विभिन्न राज्य पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टीमें भाग लेती हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता में 500 खिलाड़ियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, तकनीकी अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों प्रबंधन समेत एक हजार से बारह सौ लोग भाग लेंगे। याद रहे कि ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्टस क्लस्टर उत्तराखण्ड में पहली बार आयोजित हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित