टिहरी , मार्च 13 -- आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को टिहरी के जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों को यात्रा से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वह अगले 15 दिनों के भीतर अपने-अपने कार्यस्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। स्वास्थ्य विभाग को चारधाम यात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस, आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, दवाइयों की उपलब्धता और अस्पतालों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एम्बुलेंस को एआरटीओ से चेक कराने तथा अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों व कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
पेयजल विभाग को हैंडपंपों की जांच, रंग-रोगन और पेयजल टंकियों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सड़कों से मलबा हटाने, साइन बोर्ड लगाने, क्षतिग्रस्त पैराफिटों को ठीक करने तथा जेसीबी सहित अन्य मशीनें तैनात रखने के निर्देश दिए गए। पूर्ति एवं खाद्य अभिहित विभाग को होटल, ढाबों और दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा कराने और खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग नियमित रूप से करने को कहा गया। विद्युत विभाग को भी सभी विद्युत व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़े एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल को मुनिकीरेती नगर पालिका और तपोवन नगर पंचायत क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सीओ नरेंद्रनगर के साथ मिलकर टैक्सी, राफ्टिंग और होटल एसोसिएशनों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को सुचारु करने को कहा गया। क्षेत्र में मोबाइल और सुलभ शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा निजी पानी के टैंकरों के जल स्रोत और यात्रा सीजन में उनके आवागमन की समय-सारणी तय करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
बैठक में एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं एआरटीओ को निर्देश दिए गए कि यात्रा सीजन में स्थानीय लोगों के आवागमन में कोई असुविधा न हो और वाहनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। एआरटीओ ने बताया कि एक अप्रैल से सभी चेक पोस्ट सक्रिय हो जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित