टिहरी , फरवरी 16 -- उत्तराखंड के टिहरी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्यौहारों को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थो की बिक्री के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पूरे जनपद में सघन जांच अभियान चलाया है।

विभाग ने होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर सख्त रुख अपनाते हुए जनपद भर में 14 से 16 फरवरी तक चला गए इस अभियान के दौरान दूध, पनीर, दही, मिठाई और बेकरी उत्पादों सहित कुल 13 खाद्य सामग्रियों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। विभाग की अचानक कार्रवाई से बाजार क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बौराड़ी, टिहरी बाजार, चंबा, कांडीखाल और जौनपुर के थत्यूण क्षेत्र में डेयरी, किराना स्टोर, होटल, ढाबों और फल-सब्जी विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शारदा शर्मा ने सोमवार को जानकारी दी कि टीम ने दूध के दो नमूने, पनीर व दही के एक-एक नमूने तथा मिठाई और बेकरी उत्पादों सहित कुल 13 नमूने जांच के लिए लिए। इसके साथ ही बाहरी जनपदों से खाद्य सामग्री लेकर आने वाले सप्लाई वाहनों की भी सघन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अवधि समाप्त खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। होटल और ढाबों में साफ-सफाई के मानकों का पालन न होने पर संचालकों को कड़ी फटकार लगाई गई। सड़े-गले फल और सब्जियां भी नष्ट कराई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

सुश्री शारदा शर्मा ने कहा कि त्योहारों के मद्देनज़र मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित