टिहरी , फरवरी 22 -- उत्तराखंड के टिहरी जनपद में रविवार तड़के एक पिकअप वाहन पलटने से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार आज तड़के लगभग चार बजे डायल 112 कंट्रोल रूम को वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही जनपद पुलिस टिहरी गढ़वाल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
मौके पर पाया गया कि पिकअप वाहन जो रुद्रप्रयाग से उत्तरकाशी की ओर जा रहा था, चालक को नींद आने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में सवार दो लोगों को हल्की चोटें आईं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य किया और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को छुट्टी दे दी। इसके बाद वाहन को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया तथा आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित