टिहरी , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिले के महत्वपूर्ण टिहरी-चंबा मोटर मार्ग पर बगड़धार क्षेत्र में भूस्खलन होने से सड़क क्षतिग्रस्त होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। लगातार हो रही बारिश और पवर्तीय क्षेत्र में सक्रिय भू-स्खलन के चलते सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे मार्ग संकरा और जोखिमपूर्ण हो गया है। प्रशासन ने इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह जारी की है।

जानकारी के अनुसार, बगड़धार के पास सड़क किनारे की जमीन अचानक धंसने से मार्ग का एक भाग कमजोर हो गया है। इससे खासकर भारी वाहनों और बसों की आवाजाही में खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में बारिश के कारण मिट्टी लगातार खिसक रही थी, जिसके बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई।

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची है और लगातार क्षतिग्रस्त जगह पर नजर बनाये हुए है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द से जल्द मार्ग को सुरक्षित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, पूरी तरह से यातायात सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वाहन चालकों से अपील की है कि वह इस मार्ग पर गुजरने से एहतियात बरतें।

स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें क्षेत्र में तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा निर्देशों का पालन कर ही यात्रा करें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित