टिहरी , मार्च 13 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने उपभोक्ताओं से शुक्रवार को अपील की कि वे रसोई गैस को लेकर परेशान न हों, जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता को उसके कोटे के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

श्रीमती खंडेलवाल ने बताया कि नये दिशानिर्देश के अनुसार अब गैस सिलेंडर की बुकिंग पहले 21 दिनों के बजाय 25 दिनों के बाद की जाएगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि नये दिशानिर्देश का पालन करें और धैर्य बनाए रखें।

जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी को ऑनलाइन बुकिंग में समस्या आ रही है, तो वह नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर ऑफलाइन बुकिंग करा सकता है। इसके बाद, संबंधित एजेंसी द्वारा उपभोक्ता के स्थान या गांव में पूर्व निर्धारित मार्केट पॉइंट पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस सिलेंडर मिलें। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी तरह की अफवाह या गड़बड़ी पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित