टिहरी, मई 11 -- उत्तराखंड के टिहरी जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत सोमवार को पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया।

चंबा पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने हटवाल गांव क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 22 किलो अवैध पोपी/पोस्त बरामद की, जबकि खेतों में खड़ी अफीम की फसल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे को अवैध अफीम एवं पोस्त की खेती की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक विपिन बहुगुणा के नेतृत्व में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गयी। संयुक्त टीम ने सोमवार को हटवाल गांव में छापेमारी की, जहां तीन खेतों में अवैध अफीम की खड़ी फसल और पांच खेतों में कटी हुई पोस्त की फसल मिली।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर के बाहर रखे दो प्लास्टिक कट्टों से कुल 22 किलो 118 ग्राम अवैध पोपी/पोस्त बरामद की गई। इसमें 3 किलो 638 ग्राम सूखी पोपी डोडा और 18 किलो 480 ग्राम कच्ची पोपी डोडा शामिल है। पुलिस ने बरामद माल को सील कर कब्जे में लेते हुए जांच के लिए नमूने सुरक्षित कर लिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित