टिहरी , फ़रवरी 28 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जनपद की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला चिकित्सालय बौराड़ी में शनिवार को 'ह्यूमन पैपिलोमा वायरस' (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ कर दिया है।
अभियान के तहत 14 वर्ष की बालिकाओं को निशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान चरण में केवल वही बालिकाएं पात्र होंगी जिनकी आयु पूर्ण 14 वर्ष हो चुकी है तथा 15 वर्ष पूर्ण हुए 90 दिन से अधिक न हुए हों।
टीकाकरण के लिए बालिका का आयु प्रमाण पत्र-आधार कार्ड अथवा जन्म प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य किया गया है, जिससे पात्रता की पुष्टि की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह विशेष अभियान आगामी 90 दिनों तक चलेगा और जिला चिकित्सालय बौराड़ी के साथ-साथ जनपद के सभी ब्लॉक मुख्यालयों में यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित