सोनीपत , मार्च 26 -- हरियाणा के सोनीपत जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के पास आसवारपुर गांव में एक किसान ने अपने घर पर चल रही बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। किसान करीब 250 फुट ऊंचे टावर पर पिछले 44 घंटों से बैठा है और नीचे उतरने से इनकार कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, सुनील नामक किसान मंगलवार दोपहर टावर पर चढ़ा था। परिवार का कहना है कि उसने तब से कुछ नहीं खाया है और बेहद कम पानी पिया है, जिससे उसकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है।
लंबे समय तक भूखे-प्यासे रहने के कारण उसे चक्कर आने की शिकायत भी हो रही है।
किसान की मांग है कि प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई को रोके या फिर उसे वैकल्पिक जमीन देने का लिखित आश्वासन दे। उसकी पत्नी पूनम ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें टावर पर भोजन भेजने की अनुमति नहीं दे रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है। ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। स्थिति को देखते हुए गांव में पंचायत भी बुलाई गयी है।
बताया जा रहा है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की टीम मंगलवार को कथित अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इस दौरान एक निजी स्कूल की इमारत का हिस्सा गिराये जाने के बाद विवाद बढ़ गया। अधिकारियों का कहना है कि यह जमीन वर्ष 2006 में अधिग्रहित की जा चुकी है और कई नोटिस जारी करने के बाद ही कार्रवाई की गयी।
किसान का परिवार दावा कर रहा है कि यह उनकी पुश्तैनी जमीन है। मामले को लेकर पहले अदालतों में भी सुनवाई हो चुकी है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से किसान को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास जारी हैं, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित