नयी दिल्ली , मार्च 25 -- टाटा पावर ने बुधवार को उत्तर प्रदेश में 154 सर्किट किलोमीटर में फैली दो ट्रांसमिशन लाइनों - 400 किलोवोल्ट टांडा-गोंडा और 400 किलोवोल्ट (केवी) गोंडा-बस्ती डबल सर्किट - की कमीशनिंग की घोषणा की।

कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इसके साथ ही उसने साउथ ईस्ट यूपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (एसईयूपीपीटीसीएल) परियोजना के अंतर्गत सभी एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज (ईएचवी) ट्रांसमिशन लाइनों और सबस्टेशनों का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कर लिया है।

इस नेटवर्क में अब राज्य भर में 951 सर्किट किमी की तीन 765 केवी लाइनें, 566 सर्किट किमी की चौदह 400 केवी लाइनें और 3,460 एमवीए ट्रांसफॉर्मेशन क्षमता वाले तीन 765/400 केवी सबस्टेशन हैं।

टाटा पावर ने बताया कि चार ट्रांसमिशन लाइनों 765 केवी मैनपुरी-बारा सिंगल सर्किट लाइन, 765 केवी मैनपुरी-उन्नाव सिंगल सर्किट लाइन, 400 केवी टांडा-गोंडा और 400 केवी गोंडा-बस्ती डबल सर्किट लाइन की कमीशनिंग से उत्तर प्रदेश में उत्पन्न 4,000 मेगावाट से अधिक तापीय बिजली के सुरक्षित और विश्वसनीय निष्कासन में सहायता मिलेगी। इससे राज्य की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने, ग्रिड स्थिरता को मजबूत करने और दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

इस परियोजना में टावर के रूप में 45,000 टन से अधिक स्टील का उपयोग किया गया है, 8,600 किलोमीटर से अधिक कंडक्टर की स्ट्रिंगिंग की गयी है और 139 महत्वपूर्ण क्रॉसिंग्स का काम किया गया है, जिनमें मौजूदा ट्रांसमिशन लाइनें, रेलवे ट्रैक, गैस पाइपलाइन, राजमार्ग और नदियां शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित