सरगुजा, मार्च 03 -- त्तीसगढ के सरगुजा जिले के थाना मणीपुर क्षेत्र के अंतर्गत कदमपारा ट्रांसपोर्टनगर में एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बेटे द्वारा पिता की हत्या किए जाने का खुलासा किया है। आरोपी बेटे ने मामूली बात पर नाराज होकर अपने ही पिता पर टांगी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव घर के पास बनी पानी टंकी में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त हथियार और कपड़े जब्त कर लिए हैं।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार,थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी. पी. तिवारी को 2 मार्च को सूचना मिली थी कि कदमपारा ट्रांसपोर्टनगर स्थित एक पानी टंकी में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि एक व्यक्ति मृत हालत में टंकी के अंदर था। मृतक की पहचान पारसनाथ केरकेट्टा के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले में जुटे सबूतों के आधार पर जांच शुरू कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित