सिवनी , मार्च 9 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले की जनपद पंचायत सिवनी अंतर्गत ग्राम पलारी के सरपंच को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की टीम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के डीएसपी स्वर्णजीत धामी के अनुसार आवेदक शिवचरण नागवंशी पिता नंदकुमार नागवंशी (40) निवासी जान्हवी नगर, चुनाभट्टी के पास ग्राम पलारी ने ईओडब्ल्यू जबलपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि टपरिया (आवास) निर्माण से संबंधित कार्य कराने के एवज में उससे 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत की जांच के बाद सोमवार को ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत पलारी के सरपंच रामगोपाल डेहरिया पिता स्वर्गीय बसोड़ीलाल डेहरिया (32) को बस स्टैंड सिवनी में आवेदक से रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

इस प्रकरण में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित