झुंझुनू , दिसम्बर 22 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के चिड़ावा शहर के नजदीक अरड़ावता रोड पर सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में नेवी से सेवानिवृत्त फौजी की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विजय सिंह लामोरिया (45) मोटर साइकिल से पुत्र भव्य लामोरिया को दिल्ली परीक्षा देने के लिए चिड़ावा छोड़ने आये थे। पुत्र को छोड़ने के बाद वह अपने गांव जोधा का बास लौट रहे थे। दोपहर में खेमू की ढाणी के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप विपरीत दिशा से आ रही मोटर साइकिल से उनकी मोटर साइकिल टकरा गयी। इससे श्री लामोरिया और दूसरी मोटर साइकिल पर सवार एक महिला घायल हो गयी।

पुलिस ने बताया कि दोनों को चिड़ावा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां श्री लामोरिया को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वह नौसेना से सेवानिवृत्त थे। दूसरी ओर महिला के पैरों में चोट आयी है और उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित