जयपुुर , फरवरी 21 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के पिलानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कुख्यात रोहित गोदारा गिरोह के सक्रिय सदस्य ललित उर्फ लिता को गिरफ्तार किया है।
झुंझुनू के पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने शनिवार को बतायस कि आरोपी ने एक कॉलेज संचालक को जान से मारने की धमकी देकर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है।
उन्होंने बताया कि घटना 14 सितंबर 2025 की है, परिवादी संजीव कुमार के पास विदेशी नंबरों से कॉल आने शुरू हुए। डरे हुए परिवादी ने अनजान नंबर होने के कारण पहले कॉल नहीं उठाए, लेकिन 24 सितंबर को कॉल उठाने पर सामने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गिरोह का सदस्य बताते हुए दो करोड़ रुपये की मांग की।
इसकी शिकायत मिलने पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर कड़ी मशक्कत के बाद पहले इस गिरोह के दो गुर्गों विकास उर्फ दुबे और अजय उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया। उनसे हुई पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी ललित उर्फ लिता का नाम सामने आया, जिसे अब पुलिस ने शिकंजे में ले लिया है।
आरोपी ललित उर्फ लिता (28) पहले से ही अन्य मामलों में झुंझुनू जेल में था। पिलानी पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लिया और गहन पूछताछ के बाद उसे इस मामले में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से गिरोह के नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित