गिरिडीह , अप्रैल 13 -- झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के देवराडीह पंचायत अंतर्गत करंबा गांव में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बिजली टावर के पास खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही डीएसपी धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को शव के पास धान में डालने वाला सल्फेट टैबलेट का पैकेट मिला। वहीं बिजली टावर के निचले हिस्से में एक गमछा बंधा हुआ पाया गया। मृतक के मुंह से झाग निकलने और उल्टी के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
शव की पहचान बोकारो जिले के पोटसो निवासी 26 वर्षीय जागेश्वर महतो के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के पिता व परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर बगोदर थाना लाया गया है, जहां से पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित