रांची , दिसंबर 28 -- झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है।
ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। रांची में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री कम है। राज्य के 14 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।
मौसम केंद्र, रांची द्वारा 28 दिसंबर को जारी रिपोर्ट के अनुसार जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 24.3 और न्यूनतम 10.5 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 24.8 और न्यूनतम 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो थर्मल में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रहा, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची के बाद सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला के ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन पर 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बोकारो, देवघर और कोडरमा के ऑटोमेटेड वेदर स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से नीचे है और कोल्ड वेव की स्थिति को दर्शाता है। वहीं खूंटी, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, सरायकेला सहित अन्य जिलों में रात का तापमान 3 से 7 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिससे खुले इलाकों में पाला पड़ने और कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। रांची और आसपास के क्षेत्रों के लिए जारी पांच दिवसीय पूर्वानुमान में सुबह के समय कोहरा या मिस्ट रहने और दिन में आसमान साफ रहने की बात कही गई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री और अधिकतम 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
अचानक गिरे तापमान और शीतलहर को देखते हुए मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से परतदार गर्म कपड़े पहनने और सुबह-शाम खुले में अधिक देर तक न रहने का आग्रह किया गया है। फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण ठंड का असर और अधिक महसूस होगा। खासकर रांची, गुमला, लोहरदगा, बोकारो और आसपास के इलाकों में सतर्कता बरतने की जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित