रांची , फरवरी 03 -- झारखंड में आज से मैट्रिक (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा शुरू हो गई है।

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित इस बोर्ड परीक्षा में राज्यभर से कुल 7 लाख 48 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर प्रशासन और जैक की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से सख्त रखा गया है।

परीक्षा के पहले दिन राज्य के सभी जिलों में बने परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ देखने को मिली। कई छात्र-छात्राएं निर्धारित समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए थे। प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई।

जैक के निर्देशानुसार किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या अन्य अनुचित साधनों के साथ प्रवेश नहीं करने दिया गया।

इस वर्ष मैट्रिक और इंटर परीक्षा के लिए राज्यभर में कुल 1989 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मैट्रिक के लिए 1232 और इंटरमीडिएट के लिए 757 केंद्र शामिल हैं।

सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही स्टैटिक दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रश्न-पत्रों को कोषागार से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में पूरी की गई।

मैट्रिक परीक्षा में इस वर्ष 4,23,861 छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं, जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में 3,24,321 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इंटरमीडिएट में संकायवार आंकड़ों के अनुसार विज्ञान संकाय से 90,579, वाणिज्य संकाय से 21,195 और कला संकाय से 2,12,547 छात्र शामिल हैं। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार दोनों परीक्षाओं में परीक्षार्थियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। मैट्रिक परीक्षा में गिरिडीह जिला सबसे अधिक परीक्षार्थियों वाला जिला है, जबकि खूंटी जिला सबसे कम परीक्षार्थियों वाला जिला है।

जैक ने परीक्षा को लेकर कदाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही है। जैक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। जैक ने परीक्षार्थियों से शांत मन से परीक्षा देने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित