रांची , फरवरी 28 -- झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आज राज्यस्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान राज्य की बेटियों को भविष्य में होने वाले गंभीर और जानलेवा सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

डॉ अंसारी ने कहा कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है और भारत में यह दूसरा सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर है। आईसीएमआर के राष्ट्रीय कैंसर रजिस्ट्री कार्यक्रम के अनुसार वर्ष 2022 में देश में इस बीमारी के 79 हजार से अधिक नए मामले तथा 34 हजार से अधिक मौतें दर्ज की गईं - जो इसकी गंभीरता को दर्शाता है।

डॉ अंसारी ने बताया कि आज शुरू किया गया ग्रेडसिल-4 एचपीवी वैक्सीन वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है और यह ह्यूमन पैपिलोमावायरस के प्रकार 6, 11, 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करता है। विशेष रूप से एचपीवी के प्रकार 16 और 18 लगभग 77 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर मामलों के लिए जिम्मेदार होते हैं, ऐसे में यह टीका कैंसर की रोकथाम में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

डॉ अंसारी ने स्पष्ट किया कि यह टीका 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को राज्य के चयनित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों - सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल तथा सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों - के माध्यम से लगाया जाएगा। अभियान प्रारंभिक तीन माह विशेष ड्राइव के रूप में चलेगा, जिसके बाद इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा।

डॉ. अंसारी ने जोर देते हुए कहा कि निजी अस्पतालों में एचपीवी टीके की एक खुराक की कीमत लगभग Rs.4,000 है, जो अनेक परिवारों के लिए वहन करना कठिन है। इसी को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार ने राज्य की पात्र किशोरियों को यह जीवनरक्षक टीका पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराने का दृढ़ निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, एक चिकित्सक के रूप में मेरा दृढ़ विश्वास है कि उपचार से बेहतर रोकथाम है। इस टीकाकरण के माध्यम से हम कैंसर होने से पहले ही उसकी रोकथाम सुनिश्चित कर रहे हैं।

डॉ अंसारी ने इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों, कार्यक्रम प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों को हार्दिक बधाई दी और राज्यवासियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

मौके पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, अपर सचिव विद्यानंद शर्मा, निदेशक (पंकज), निदेशक आईपीएच डॉ. एस. सरकार, डॉ. अजीत खालको, डॉ. विजय किशोर रजक, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, डॉ. विमलेश कुमार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित