रांची , फरवरी 16 -- झारखंड में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है।

फरवरी के मध्य में ही राज्य के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र, रांची की ओर से जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई। दिन में गर्मी का असर बढ़ रहा है, जबकि रात में अब भी हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा डाल्टनगंज में 31.4 डिग्री, जमशेदपुर और बोकारो थर्मल में 31.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम है। वहीं लातेहार राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान की बात करें तो गुमला में सबसे ठंडी रात रही, जहां पारा 6.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। डाल्टनगंज में 9.1 डिग्री, हजारीबाग में 9.3 डिग्री, रांची में 10.4 डिग्री और जमशेदपुर में 13.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। सबसे कम दृश्यता जमशेदपुर में 2000 मीटर मापी गई।

मौसम केंद्र के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रहेगी। फिलहाल बारिश के कोई आसार नहीं हैं और मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य का ध्यान रखने और दिन में धूप से बचाव करने की सलाह दी है। सर्दी अब विदा लेने की कगार पर है और गर्मी धीरे-धीरे अपने तेवर दिखाने लगी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित