रांची , अप्रैल 18 -- झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 46 अधिकारियों का तबादला कर दिया है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि कई जोनल आईजी और जिलों के एसपी बदले गए हैं। अधिसूचना के अनुसार, सीआईडी एडीजी मनोज कौशिक को उनके मौजूदा दायित्व के साथ एडीजी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं पंकज कंबोज को आईजी मानवाधिकार का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है। अधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी गई है।
अधिसूचना के अनुसार नरेन्द्र कुमार सिंह को आईजी अभियान बनाया गया है और उन्हें पलामू जोनल आईजी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। शैलेंद्र सिन्हा को बोकारो जोनल आईजी नियुक्त किया गया है। क्रांति गडीदेशी को आईजी निगरानी सह सुरक्षा, झारखंड विद्युत बोर्ड रांची में पदस्थापित किया गया है। माइकल राज एस को रेल आईजी और सुनील भास्कर को जैप आईजी बनाया गया है।
बोकारो डीआईजी आनंद प्रकाश को पुलिस मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
सरकार ने कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती की है। निधि द्विवेदी को सरायकेला, आशुतोष शेखर को गढ़वा, अनुदीप सिंह को पाकुड़, प्रवीण पुष्कर को देवघर, मुकेश कुमार लुनायत को रामगढ़, अमन कुमार को हजारीबाग और कपिल चौधरी को पलामू का एसपी बनाया गया है।
इसके अलावा नाथू सिंह मीणा को बोकारो, अनिमेष नैथानी को चतरा, शंभू सिंह को जामताड़ा, ऋषभ गर्ग को खूंटी, मोहम्मद याकूब को धनबाद ग्रामीण और गौरव गोस्वामी को रांची ग्रामीण का एसपी नियुक्त किया गया है।
प्रशांत आनंद को वायरलेस एसपी, अजय कुमार और सुमित अग्रवाल को एसीबी एसपी, मनीष टोप्पो को एससीआरबी एसपी, राजकुमार मेहता को एटीएस एसपी और मूमल राजपुरोहित को रेल एसपी धनबाद बनाया गया है।
वहीं दीपक कुमार पांडे को एआईजी सह डीजी के विशेष सहायक और दीपक कुमार शर्मा को एसपी अभियान मुख्यालय के पद पर तैनात किया गया है। अर्धसैनिक बलों में भी बदलाव करते हुए अंजनी अनजान को जैप-5 देवघर, रेशमा रमेशन को जैप-9 और कुसुम पूनिया को जैप-8 का कमांडेंट बनाया गया है।
इसके अलावा कई एएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित