रांची , दिसंबर 30 -- मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज जेएसएससी द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा- 2023(सीजीएल) के माध्यम से विभिन्न पदों के लिए चयनित 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर नव वर्ष का बड़ा उपहार दिया।
इस बाबत मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए श्री सोरेन ने कहा कि कि जिस तरह अपने कठिन परिश्रम और संघर्ष से यह मुकाम प्राप्त किया है, उसी तरह पूरी निष्ठा, लगन सेवा भावना और कार्यशैली से राज्य को आगे ले जाने का दायित्व भी निभाएंगे। आपका सरकार के अंग के रूप में इस राज्य की जनता से जुड़ना इस प्रदेश के विकास को नया आयाम देगा।
श्री सोरेन ने कहा कि जेएसएससी- सीजीएल को लेकर तरह-तरह की चुनौतियां आईं। लंबे समय तक परीक्षा में व्यवधान पैदा होता रहा। लेकिन, मैने कहा था कि इरादे नेक हों तो सफलता जरूर मिलती है। इसी सोच के साथ हमारी सरकार सीजीएल परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी रही। हालांकि, इस दौरान कुछ संगठित गिरोह साजिश रचने का प्रयास करते रहे। लेकिन, हमारी सरकार और जेएसएससी ने इस परीक्षा के आयोजन से लेकर न्यायालय तक पूरी पारदर्शिता के साथ सभी बातों को रखा।
इसी का नतीजा है कि विरोधी तत्वों की साजिशें नाकाम हुईं, और आपकी मेहनत और संघर्ष की जीत हुई। लंबे इंतजार के बाद आज नियुक्ति पत्र मिलने से आप खुश हैं। आपका परिवार खुश है। मुझे भी खुशी है कि इतनी बड़ी संख्या में राज्य के नौजवानों को नियुक्ति पत्र देने का अवसर एक बार फिर प्राप्त हुआ है।
श्री सोरेन ने अभ्यर्थियों से कहा कि आपने लंबे समय तक संघर्ष किया । इस दौरान कई तरह की परिस्थितियों से आप गुजरे होंगे। इस बात को हम भी अच्छी तरह महसूस करते हैं। मैं आपसे कहना चाहता हूं कि सरकार द्वारा पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ नियुक्ति परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। ऐसे में अगर नौजवानों के भविष्य के साथ जो भी खिलवाड़ अथवा साजिश रचने का प्रयास करेगा, उसे जेल भेजने का काम किया जाएगा।
श्री सोरेन ने कहा कि नौजवानों का भविष्य संवारने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों से कहा कि आपने जिस कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। वैसा ही आपके अगल-बगल में रहने वाले नौजवान भी काबिल बने, इसमें आप उन्हें जरूर सहयोग करें। जब हर युवा अपने पैरों पर खड़ा होगा तो राज्य भी मजबूत बनेगा।
मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि जिस तरह राज्य में नियुक्तियों का सिलसिला जारी है, वैसे ही सरकारी कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। इस सिलसिले में विभिन्न बैंकों के साथ राज्य सरकार ने एमओयू किया है। इसके तहत दुर्घटना की स्थिति में एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता के साथ कई सुविधाएं भी मिलेगी। यह सुविधा स्थायी कर्मियों के साथ अनुबंध कर्मियों को भी मिल रहा है।
श्री सोरेन ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से कहा कि आप सरकार के अंग के रूप में अब जुड़ रहे हैं। ऐसे में आपका काम काफी मायने रखता है। आपकी कार्यशैली से सरकार की छवि बनती है। आपकी कार्यशैली से हमें ताकत मिलता है। आपकी कार्यशाली से राज्य की दशा और दिशा बदलती है। ऐसे में राज्य के विकास में आपका सहयोग बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप आगे बढ़ें, सरकार आपके सहयोग के लिए हमेशा खड़ी रहेगी।
श्री सोरेन ने कहा कि वर्ष 2019 में हमारी सरकार सत्ता में आई। उस वक्त से से आज तक आपका विश्वास और सहयोग हमें लगातार मिलता आ रहा है। 2024 में जब हमारी सरकार दोबारा बनी तो उसमें भी आपका हमें पूरा आशीर्वाद प्राप्त हुआ। आपके इसी भरोसे पर ही हम राज्य के विकास को नई गति दे रहे हैं। हम एक ऐसी लंबी और गाढ़ी लकीर खीच रहे है, जो इस राज्य और यहां के लोगों के जिंदगी में बदलाव ला रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित